बिपरजॉय का कहां होगा लैंडफॉल?
चक्रवाती तूफान बिपरजॉय 15 जून की शाम को गुजरात के कच्छ और पाकिस्तान के कराची से टकराएगा। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।
इन 9 राज्यों में अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अलर्ट पर रखा गया है। ये राज्य गुजरात, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, दमन और दीव, दादरा और नगर हवेली हैं। इतना ही नहीं चक्रवात के चलते राजस्थान के कुछ इलाकों में भी बारिश का अलर्ट है।
170 किमी प्रति घंटे तक होगी हवाओं की रफ्तार
अभी बिपरजॉय 145-155 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इसके 170 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने की संभावना है। 15 जून को हवाओं की रफ्तार 125 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। हालांकि, 16 जून से रफ्तार कम होना शुरू हो जाएगी।
- कच्छ, द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, राजकोट, जूनागढ़ और मोरबी जिले में 15 जून को हवाओं की रफ्तार 125 से 150 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है।
पीएम मोदी-अमित शाह ने लिया सुरक्षा का जायजा
पीएम मोदी ने 12 जून को बिपरजॉय से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान पीएम मोदी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव उपाय करें। साथ ही पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पीएम मोदी ने अधिकारियों से कहा कि नुकसान की स्थिति में सभी आवश्यक सेवाओं को तत्काल बहाल करने की तैयारी के साथ उनका रखरखाव भी सुनिश्चित करें।
सभी 33 जिलों में हेल्पलाइन नंबर जारी
गुजरात के सभी 33 जिलों में हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इतना ही नहीं लोग किसी भी मदद के लिए 1077 पर कॉल कर सकते हैं। उद्योगों को किसी भी प्रकार की मदद के लिए उद्योग विभाग ने भी हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
रेलवे ने डिजास्टर मैनेजमेंट रूम को सक्रिय कर दिया है। फील्ड स्टाफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है। भावनगर, राजकोट, अहमदाबाद और गांधीधाम में इमरजेंसी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए गए हैं।