लाड़ली बहनों को मिलने वाली मासिक 1000 की राशि बढ़कर क्रमश: 3000 रूपए व वृद्ध महिलाओं की पेंशन बढ़कर 1000 रूपये होगी : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
जबलपुर (मध्यप्रदेश) में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में बहनों के खातों में मासिक राशि अंतरित करने के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 1.25 करोड़ बहनों के खाते में कुल 1209.64 करोड़ रूपए की राशि अंतरित की। इस कार्यक्रम से पूरे प्रदेश की बहनें भी जुड़ीं। प्रदेश के वार्डों और ग्रामों में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बहनों को अब परिवार में आर्थिक रूप से किसी विवशता का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में मिलने वाली राशि उनके जीवन में आनंद लाने का कार्य करेगी। परिवार में बच्चों के लिए दूध, फल, दवाई लाने, उनकी पढ़ाई के प्रबंध को बेहतर बनाने में योजना की राशि उपयोगी होगी। परिवार में बहन के साथ बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
राशि को 3 हजार रूपए तक बढ़ाया जाएगा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ लेकर बहनें मजबूत होंगी, वे अब मजबूर नहीं रहेंगी। योजना में प्रति माह 1000 रूपये की राशि देने के प्रावधान में संशोधन कर बहनों को क्रमश: बढ़ी हुई राशि का भुगतान किया जाएगा। आवश्यक वित्त व्यवस्था के फलस्वरूप योजना में 1000 रूपये के स्थान पर क्रमश: 1250 रुपए, इसके बाद 1500 रूपए, फिर 1750 रूपए, फिर 2 हजार रूपए और इसके बाद 2250 रुपए, 2500 रूपए और 2750 रूपए करते हुए राशि को 3 हजार रूपए तक बढ़ाया जाएगा।
अभी तो ये अंगड़ाई है मेरी बहनों......
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) June 10, 2023
समय के साथ लाड़ली बहना योजना की राशि 2 हजार से लेकर 3 हजार रुपये तक ले जाऊंगा pic.twitter.com/jrHN3jCEIZ
वर्तमान में 23 से 60 वर्ष की विवाहित बहनें योजना में पात्र हैं। योजना के लिए विवाहित पात्र बहन की आयु न्यूनतम 23 वर्ष के स्थान पर 21 वर्ष की जाएगी। इसी तरह बहनों को आने वाले 5 वर्ष में लखपति बनाते हुए लखपति क्लब में शामिल किया जाएगा। बहनों की आय कम से कम 10 हजार रूपए मासिक होना चाहिए। स्व-सहायता समूहों और आर्थिक समृद्धि की योजनाओं से लाभान्वित करते हुए बहनों की जिंदगी में सुख और आनंद लाने का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहनों को वे अपना परिवार मानते हैं।
अब 21 साल की विवाहित बेटी को भी लाड़ली बहना योजना का लाभ मिलेगा... pic.twitter.com/LEvjB5UrOa
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) June 10, 2023
बनेंगी, लाड़ली बहना सेनाएँ
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में लाड़ली बहना सेनाएँ भी बनेंगी। बड़े ग्रामों में 21 सदस्य और छोटे ग्रामों में 11 सदस्य वाली सेनाएँ गठित होंगी। लाड़ली बहना सेना अन्याय और शोषण के खिलाफ लड़ेंगी। यह सेनाएँ महिलाओं को उनके कल्याण की योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेगी।
सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान संचालित किया तो मुख्यमंत्री चौहान ने मध्यप्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ 45 लाख से अधिक बेटियों को दिया। अब बहनों को प्रतिमाह राशि प्राप्त होगी। समाज में परिवर्तन का यह महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे, मध्यप्रदेश की महिला मोर्चा अध्यक्ष माया नारोलिया, निगम अध्यक्ष अमिता चपरा, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र जामदार, बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह,पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, शरद जैन, विधायक अशोक रोहाणी के अलावा अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
नारी सशक्तिकरण पर नृत्य नाटिका "सृष्टि रूपा" का हुआ मंचन
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ पर नारी ओजस्विता और नारी सशक्तिकरण की थीम पर नृत्य नाटिका का बेहतरीन मंचन कलाकारों द्वारा किया गया। नृत्य नाटिका में प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण के लिये किये गये ऐतिहासिक और अभूतपूर्व फैसलों को बखूबी प्रदर्शित किया गया। इसमें पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन में 50 प्रतिशत आरक्षण, पुलिस भर्ती में 30 प्रतिशत आरक्षण, महिलाओं के नाम रजिस्ट्री होने पर मात्र एक प्रतिशत का शुल्क, स्व-सहायता समूहों से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, महिलाओं को नि:शुल्क ड्रायविंग लायसेंस सुविधा जैसी विभिन्न योजनाओं का रूपांकन किया गया।
खुरई विस क्षेत्र की 60,931 लाडली बहिनों के खातों में 6 करोड़ 9 लाख 31 हज़ार रुपए डाले गए
खुरई। मध्यप्रदेश के इतिहास में आज का दिन ऐसा दिन है जिस दिन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बहुत बड़ा निर्णय लागू हो रहा है। खुरई विधानसभा क्षेत्र की कुल 60,931 लाडली बहनों के खातों में आज से हर महीने 6 करोड़, 9 लाख, 31 हज़ार रुपए डाले जाएंगे। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने यहां मुख्यमंत्री लाडली बहनों के हितलाभ वितरण के प्रथम दिवस पर आयोजित समारोह में व्यक्त किए।
मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि खुरई नगर पालिका क्षेत्र की 10,787 लाडली बहनों को 1 करोड़ 78 हजार रुपए की राशि खातों में डाली गई है। खुरई जनपद क्षेत्र की 22 हजार 458, मालथौन जनपद क्षेत्र की 14 हजार 775, मालथौन नगर परिषद क्षेत्र की 4 हजार 173, बांदरी नगर परिषद क्षेत्र की 5 हजार 115, बरोदिया नगर परिषद क्षेत्र की 3 हजार 623 लाडली बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपए डाले जा रहे हैं।
मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि अपनी भाजपा की यह सरकार गरीबों का कल्याण करने वाली सरकार है। सरकार इसी लिए होती है कि जो पैसा सक्षम लोगों से टैक्स के माध्यम इकट्ठा होता है उसे गरीबों के कल्याण में लगा दिया जाए। मंत्री सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा सिंगल क्लिक का बटन दबाने के साथ ही खुरई की सुधा ताम्रकार को लाडली बहना का पहला प्रमाण पत्र सौंपा। उन्होंने सभी बहनों को यह शुभ सूचना दी कि अगला महीना सभी परिवारों को आवासीय पट्टे देकर सबकी अपनी छत का सपना साकार कर दिया जाएगा।
भारत-नेपाल के बीच संबंधों में नए इतिहास की शुरूआत : नेपाल के प्रधानमंत्री 'प्रचंड'


