भारत को अब नहीं मिल रही रूसी तेल पर भारी छूट ! ये देश बना वजह...
May 03, 2023
भारत ने यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद से भारी मात्रा से रूस के कच्चा तेल खरीदा है। भारत को यह तेल भारी छूट पर मिलता था लेकिन अब चीन के कारण स्थिति बदल गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत को जहां पहले प्रति बैरल 15-20 डॉलर की छूट मिलती थी, अब वो छूट 10-5 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है।
भारत पिछले साल से ही रूसी तेल को भारी छूट पर खरीदता आया है लेकिन अब स्थिति बदल रही है. वित्त वर्ष 2023 के अधिकांश समय में रूसी कच्चे तेल पर भारत को मिली भारी छूट में गिरावट आई है. मामले से परिचित दो सरकारी अधिकारियों ने कहा कि इसके पीछे दो कारण हैं, पहला- चीन का रूस से अधिक तेल खरीदना और दूसरा- तेल उत्पादक देशों का उत्पादन में कटौती करना।
फरवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद अमेरिका समेत पश्चिमी देशों ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं. रूसी तेल को भी प्राइस कैप के अधीन कर दिया जिसके बाद रूस ने भारत समेत कई देशों को सस्ती दरों पर कच्चे तेल की पेशकश की।
भारत ने रूस के ऑफर को स्वीकार कर लिया और उसे रूसी कच्चे तेल पर 15-20 डॉलर प्रति बैरल की छूट मिली. लेकिन अब इस छूट में भारी कमी आई है. नाम न बताने की शर्त पर सरकारी अधिकारियों ने कहा कि अब यह छूट कम होकर 10 डॉलर हो गई है और कभी-कभी तो यह छूट पांच डॉलर भी पहुंच जाती है।